sponsor

गुरुवार, 24 मई 2018

MP : श्योपुर में अंतर्कलह से परेशान दोनों बड़ी पार्टियां

 श्योपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। राजस्थान से सटे श्योपुर की राजनीति भी राजस्थान की तरह है। श्योपुर विधानसभा में कभी भी कोई पार्टी लगातार दो चुनाव नहीं जीती। यहां मतदाता हर बार अपना विधायक बदल देते हैं। एक बार कांग्रेस का विधायक रहता है तो दूसरी बार भाजपा का। बसपा कभी चुनाव नहीं जीती लेकिन, दूसरे और तीसरे नंबर पर रहकर भाजपा और कांग्रेस का गणित बिगाड़ने का काम बखूबी किया है।
आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और कांग्रेस भारी अंतर्कलह से जूझ रही हैं। भाजपा विधायक दुर्गालाल की मुखालफत में कांग्रेस से ज्यादा खुद की पार्टी के नेता हैं। इसकी बानगी तीन महीने पहले श्योपुर आए भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान के सामने भाजपा कार्यकर्ताओं ने ही 'भाजपा से बैर नहीं, दुर्गा तेरी खैर नहीं' जैसे नारे लगाकर दिखा दी। खास बात यह है कि संगठन भी दुर्गालाल को पसंद नहीं कर रहा।
तभी तो प्रदेश अध्यक्ष के सामने नारेबाजी करने वालों को सभी ने मिलकर बचा लिया। हालत यह है कि दुर्गालाल एक तरफ और क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ता दूसरी तरफ दिखाई दे रहे हैं। दो बार विधायक रह चुके कांग्रेस जिला अध्यक्ष बृजराज सिंह चौहान भी भाजपा नेताओं से ज्यादा अपनी ही पार्टी के लोगों से जूझ रहे हैं। इन दोनों से दूर लड़खड़ाई बसपा फिर खड़ी हो रही है। मीणा समाज के अग्रणियों में शुमार तुलसीनारायण मीणा ने जैसे ही बसपा का झंडा थामा तो सुस्त पड़ा हाथी भी अब चिंघाड़ मारने लगा है।
कुल मतदाता : 221938
मतदान केंद्र : 326
मतदान केंद्र पुरुष मतदाता : 117530,
थर्ड जेंडर : 04 महिला
मतदाता : 104404 (2 मई की स्थिति)
2018 में संभावित प्रत्याशी
भाजपा : विधायक के साथ कई दौड़ में दुर्गालाल विजय, जिपं अध्यक्ष कविता मीणा, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष महावीर सिसौदिया, कैलाशनारायण गुप्ता ।
कांग्रेस : पूर्व विधायक भी तैयार पूर्व विधायक बृजराज सिंह चौहान, रितेश सिंह तोमर, बाबू जंडेल। बसपा से तुलसीनारायण मीणा, डॉ. बद्री मीणा।
जातीय समीकरण 
रावत (मीणा), बैरवा (जाटव) मतदाता निर्णायक स्थिति में । मुस्लिम- आदिवासियों का भी काफी प्रभाव।
क्षेत्र की बड़ी समस्याएं 
बेरोजगारी और अशिक्षा के चलते आदिवासी परिवारों का पलायन, पार्वती व सीप जैसी नदियां दूषित हो रही हैं। शहर से लेकर गांवों तक में स्मैक, गांजे का कारोबार तेजी से बढ़ता जा रहा है। लॉ कॉलेज की जरूरत है। बायपास न होने से भारी वाहन हादसों का कारण बन रहे हैं।
पांच बड़े वादे और स्थिति 
विधायक दुर्गालाल विजय ने चेंटीखेड़ा डैम , 35 गांव में नहर, सीप नदी पर पुल निर्माण, कोटा को जोड़ने वाली खातौली नदी पर पुल, 220 केवीए के सब स्टेशन, गर्ल्स कॉलेज बनाने की घोषणा की। सभी वादों पर काम चल रहा है।
भाजपा की स्थिति ठीक, दूसरे नंबर पर रहे बसपा के बाबू जंडेल के कांग्रेस में आने से पार्टी में असमंजस बढ़ा 
वैसे तो श्योपुर में कोई भी पार्टी लगातार दो चुनाव नहीं जीती लेकिन इस बार भाजपा की स्थिति कांग्रेस और बसपा के मुकाबले अच्छी है। कांग्रेस के पूर्व विधायक बृजराज सिंह तीसरे नंबर पर रहे थे इसलिए उनके टिकट पर संशय है। दूसरे नंबर पर रहे बसपा के बाबू जंडेल कांग्रेस में आ गए हैं। वह मीणा समाज के दम पर टिकट मांग रहे हैं और जीत का दावा कर रहे हैं लेकिन, कांग्रेस के कद्दावर नेता तुलसीनारायण ने बसपा में जाकर बाबू जंडेल और कांग्रेस की मुसीबतें बढ़ा दी है। तुलसीनारायण के बसपा में जाने का फायदा भी भाजपा व दुर्गालाल को हो रहा है।

ads

Ditulis Oleh : Janprachar.com Hari: 1:34 am Kategori:

Entri Populer