भारतीय शूटर श्रेयसी सिंह ने महिलाओं के डबल ट्रैप इवेंट में गोल्ड मेडल जीत लिया है. उन्होंने शूटआउट में ऑस्ट्रेलिया की इमा कॉक्स को हराया.

दिल्ली के हंसराज कॉलेज में पढ़ीं श्रेयसी सिंह नेशनल राइफ़ल एसोसिएशन के प्रमुख रहे और बिहार से आने वाले नेता दिग्विजय सिंह के बेटी हैं.
ये गोल्ड कोस्ट में भारत का 12वां गोल्ड मेडल है.
वहीं पुरुष शूटिंग के डबल ट्रेप इवेंट में भारत के अंकुर मित्तल ने कांस्य पदक जीता है.

इससे पहले अंकुर मित्तल 2017 में मॉस्को में हुई वर्ल्ड चैंपियनशिप में रजत पदक जीत चुके हैं.
बुधवार को भारत के कुछ और बॉक्सरों ने सेमीफ़ाइनल में पहुंच कर अपना मेडल पक्का किया.
गोल्ड कोस्ट कॉमनवेल्थ खेलों के सातवें दिन भारत को पहला पदक निशानेबाज ओम प्रकाश मिठरवाल ने दिलाया.
उन्होंने 50 मीटर पिस्टल प्रतियोगिता में कांस्य पदक हासिल किया. इससे पहले ओम ने 10 मीटर पिस्टल में भी कांस्य पदक हासिल किया था.
इस इवेंट में भारत को जीतू राय से भी पदक की उम्मीद थी, लेकिन वे चूक गए. 10 मीटर पिस्टल इवेंट में गोल्ड मेडल जीतने वाले जीतू राय
50 मीटर पिस्टल इवेंट के फ़ाइनल राउंड तक नहीं पहुंच पाए.
ओम मिठरवाल के पदक के साथ भारत अब तक गोल्ड कोस्ट में 12 स्वर्ण, चार रजत और आठ कांस्य पदक के साथ तीसरे पायदान पर है.
भारत की वर्ल्ड चैंपियन मुक्केबाज़ एमसी मैरीकॉम 48 किलोग्राम वर्ग के फ़ाइनल राउंड में पहुंच गई हैं. 35 साल की मैरीकॉम ने श्रीलंका की अनुषा दिलरुकशी को 30-27 से हराया.

पांच बार की वर्ल्ड चैंपियन और लंदन ओलंपिक में कांस्य पदक जीत चुकी मैरीकॉम अब तक कॉमनवेल्थ खेलों में कोई पदक नहीं जीत सकी हैं, लिहाजा गोल्ड कोस्ट में वे इस सूखे को ख़त्म करने की कोशिश करेंगी. 48 किलोग्राम वर्ग के फ़ाइनल मुक़ाबले 14 अप्रैल को होंगे.
हालांकि मुक्केबाज़ी में तब भारतीय उम्मीदों को झटका लगा, जब सरिता देवी पदक की होड़ से बाहर हो गईं.
भारत के गौरव सोलंकी बॉक्सिंग के 52 किलोग्राम वर्ग में सेमीफ़ाइनल में पहुंचने वाले छठे बॉक्सर बन गए हैं.
अब सेमीफ़ाइनल में उनका मुक़ाबला श्रीलंका इशान बंडारा से होगा.
इसके अलावा 75 किलोग्राम वर्ग में विकास कृष्ण ने भी सेमीफ़ाइनल मे पहुंच कर अपना मेडल पक्का कर लिया है.
सेमीफ़ाइनल में वो नॉर्दर्न आयरलैंड के स्टीवन डोनली से भिड़ेंगे.
अब तक सात भारतीय पुरूष बॉक्सर सेमीफ़ाइनल में पहुंच चुके हैं.

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें