रतलाम। लोकायुक्त पुलिस ने शनिवार को एक बैंक मैनेजर व उसके दलाल को एक किसान से 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकडा। यह रकम किसान को पशु पालन के लिए सवा लाख रुपए का कर्ज देने के लिए मांगी गई थी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जिले के हिम्मत सिंह नामक किसान ने नामली नगर रतलाम स्थित यूनियन बैंक शाखा में कर्ज लेने के लिए आवेदन दिया था। तमाम कागजी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद भी बैंक मैनेजर महेंद्र दहरिया ने लोन प्रकरण स्वीकृत नहीं किया।
कुछ दिन पहले ही एक दलाल दिलीप शर्मा ने हिम्मत सिंह से संपर्क कर उसे बताया कि यदि वह 25 हजार रुपए अदा करे तो वह लोन प्रकरण को ओके करवा सकता है। बताया जाता है कि हिम्मत सिंह इसके लिए राजी नहीं हुआ तो उस पर दिलीप व मैनेजर ने दबाव बनाना शुरु कर दिया। तंग आकर किसान ने इसकी शिकायत उज्जैन लोकायुक्त कार्यालय में की।
शिकायत की जांच के बाद एसपी गीतेश गर्ग ने एक विशेष टीम का गठन किया। इस टीम ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए मैनेजर महेंद्र देहरिया और उसके निजी दलाल दिलीप शर्मा को 25 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों धर दबोचा।
बैंक मैनेजर और उसके साथी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। कार्रवाई पूरी होने के बाद दोनों को निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया।

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें