भोपाल। पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर बच्चों में पैदा जिज्ञासाओं का समाधान करने,मप्र पुलिस थानों में बच्चों को 15 दिन की इंटर्नशिप करने की सुविधा उपलब्ध कराएगी। यह इंटर्नशिप स्कूलों में गर्मियों की छुटिृटयों के दौरान की जा सकेगी।
यह बात गुरुवार को पुलिस महानिदेशक आरके शुक्ला ने कही। वह यहां लाल परेड मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय नेतृत्व विकास शिविर को संबोधित कर रहे थे। इसमें अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग के 234 बच्चों ने हिस्सा लिया।
शुक्ला ने उन्हें सफलता के गुर बताएं । उन्होंने कहा की लगातार अपनी मंजिल की ओर बढ़ते रहें ए इससे रास्ते भी अपने आप खुलते जाते हैं । इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को अल्फाबेट ए से ई तक में छिपे हुए सफलता के सूत्र भी बताए ।
उन्होंने बच्चों की जिज्ञासा को समझते हुए डायल.100 के कंट्रोल रूम का भ्रमण कराने के निर्देश दिए। साथ ही बच्चों से कहा कि पुलिस संबंधी अधिकतर जानकारी पुलिस की साइट से प्राप्त की जा सकती है । उन्होंने अपने आसपास की एवं वर्तमान की सभी घटनाओं की जानकारी रखने के लिये प्रतिदिन समाचार पत्र पढ़ने एवं न्यूज चेनल देखने की सलाह दी।
साथ ही शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए नियमित रूप से खेलने की सलाह दी। श्री शुक्ला ने कहा कि पुलिस का कार्य हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है । पुलिस को इन चुनौतियों का सामना करने के लिए हमेशा तैयार रहना पड़ता है । डीजीपी ने बच्चों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि आप जिस भी क्षेत्र में जाना चाहते हैं उसकी तैयारी आज से ही शुरू करें ।
इस अवसर पर अति. पुलिस महानिदेशक श्रीमती प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव ने कहा कि आप अपने-अपने क्षेत्र के गुलदस्ते हैं न कि बेकार खरपतवार। आप सभी लगन एवं मेहनत से उत्कृष्ट बने हैं। ये हमारे लिये गर्व की बात है कि हम आप लोगों से मिल रहे हैं। अपने हौसलों को सदैव बुलंद रखें और अपने हर कार्य को सर्वश्रेष्ठ तरीके से करें। उन्होंने कहा कि आगे बढ़ने के लिए पढ़ाई बहुत आवश्यक है । इसलिए पढ़ाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
जनजातीय कार्य विभाग सचिव राजेश मिश्रा ने नेतृत्व एवं व्यक्तित्व विकास शिविर की रूपरेखा एवं उद्देश्य से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि यह शिविर 23 से 27 जनवरी तक चलेगा।

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें