sponsor

बुधवार, 29 नवंबर 2017

'हर साल 30 फीसदी के हिसाब से बढ़ रही पुलिसकर्मियों की आत्महत्याएं'

भोपाल. मध्यप्रदेश सरकार के गृह मंत्री भूपेंद्र सिंह ने आज विधानसभा में बताया कि प्रदेश में पिछले तीन साल के आंकड़ों के मुताबिक पुलिसकर्मियों की आत्महत्याओं के मामलों में हर साल 30 फीसदी का इजाफा दर्ज हुआ है।
              श्री सिंह ने भारतीय जनता पार्टी विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया के एक सवाल के लिखित जवाब में ये  जानकारी दी। इसके अलावा उन्होंने साल 2015 से 2016 के बीच प्रदेश में आर्थिक अपराधों में करीब 10 फीसदी का इजाफा होना भी बताया।
              जवाब में कहा गया है कि 1 जनवरी, 2016 के बाद प्रदेश में सेवा अवधि के दौरान आत्महत्या के कारण 29 पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों की एवं हृदयघात के कारण 109 अधिकारियों/कर्मचारियों की मृत्यु हुई है। 01 जनवरी, 2013 से 2016 के अंत तक आंकड़ों के अनुसार आत्महत्या प्रतिवर्ष 30 प्रतिशत एवं हृदयघात से प्रतिवर्ष 81 प्रतिशत के हिसाब से बढ़ी है।
              मंत्री ने स्वीकार किया कि पुलिसकर्मियों में कार्य की अधिकता एवं आबादी के अनुरुप पुलिसकर्मियों की कमी होने के कारण
डिप्रेशन की समस्या बढ़ रही है। समस्या के निराकरण हेतु पुलिस विभाग में वर्ष-2010 से निरंतर विभिन्न रैंकों के पदों में वृद्धि की जा रही है। वर्ष-2010 से अब तक कुल 45 हजार 535 पदों पर भर्ती की जा चुकी है। हालांकि उन्होंने कहा कि यह सही नहीं है कि पुलिसकर्मियों में डिप्रेशन एवं आत्महत्याओं का मुख्य कारण पुलिसकर्मियों को समय पर अवकाश नहीं मिलना भी है, जबकि पुलिसकर्मियों को समस्त प्रकार के अवकाशों का लाभ प्रदाय किया जाता है।
             श्री सिसोदिया के ही एक अन्य सवाल के लिखित जवाब में मंत्री श्री सिंह ने बताया कि वर्ष 2014 से 2015 में प्रदेश में 4.96 प्रतिशत आर्थिक अपराध घटे एवं 2015 से 2016 में 9.24 प्रतिशत आर्थिक अपराध बढ़े। आर्थिक अपराधों की श्रेणी में धोखाधड़ी, अमानत में खयानत, छल और कूटरचना शामिल है। 
            उन्होंने बताया कि इसके निराकरण के लिए वर्तमान में सायबर मुख्यालय में पदस्थ आरक्षक से निरीक्षक स्तर के कुल 146 अधिकारियों/कर्मचारियों को सायबर प्रशिक्षित किया जा चुका है। किसानों के साथ वित्तीय धोखाधड़ी रोकने फसल उपार्जन के समय प्रदेश की सभी मण्डियों में किसान कनेक्ट कार्यक्रम आयोजित किये गये। छात्रों में जागरूकता हेतु स्कूल कॉलेजों में सेमीनार वर्कशॉप आयोजित किये गये। आम जनता में सायबर अपराधों के प्रति जागरूकता लाने विभिन्न सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार प्रसार करने के साथ नई अपराध कार्य प्रणाली के बचाव हेतु एडवाइजरी जारी की गई है। 

ads

Ditulis Oleh : Janprachar.com Hari: 8:09 pm Kategori:

Entri Populer