sponsor

शुक्रवार, 26 सितंबर 2014

‘लाड़ली’ को 21 सौ रुपए ज्यादा देने की तैयारी

Bhopal, (Ravi Awasthi)//राज्य शासन लाड़ली लक्ष्मी योजना को हितग्राहियों  को 21 सौ रुपए अधिक देने की तैयारी में है। इसके लिए योजना को और अधिक प्रभावकारी व आसान बनाया जा रहा है।
   जानकार सूत्रों के मुताबिक, उक्त योजना के तहत भविष्य में साल दर साल दिए जाने वाले राष्ट्रीय बचत पत्रों  के स्थान पर केवल  एक प्रमाण-पत्र मुहैया कराएगी। यह सर्टिफिकेट एक प्रकार से बालिका के 21 वर्ष के पूर्ण होने पर एक लाख रुपए तथा 18 हजार रुपए अंतरिम राहत दिए जाने का वचन पत्र होगा।
 इस प्रमाण पत्र की जानकारी शासकीय दस्तावेजों के अलावा विभाग की वेबसाइट में भी दर्ज होगी। इस  ताकि प्रमाण-पत्र के गुमने या किसी कारण वश नष्ट होने की स्थिति में हितग्राही संबंधित साइट से दूसरा प्रमाण-पत्र हॉसिल कर सकेगी। यह प्रमाण-पत्र प्रकरण की स्वीकृति के बाद दिया जाएगा और हितग्राही को अंतिम समय में ही केवल एक बार विभाग से संपर्क करना होगा।
  जबकि वर्तमान में दिए जाने वाले राष्ट्रीय बचत पत्र का हर साल नवीनीकरण कराना होता है। यह निर्णय राष्ट्रीय बचत पत्रों क े मिल पाने में आ रही दिक्कतों को देखते हुए लिया गया है। प्रदेश में प्रति वर्ष तीन लाख बालिकाएं इस योजना से लाभान्वित हो रही हैं। बताया जाता है,कि डाक विभाग इतनी बड़ी तादाद में राष्ट्रीय बचत पत्र उपलब्ध नहीं करवा पा रहा है।
 इसके चलते अनेक बालिकाओं के प्रकरण स्वीकृत होने के बाद भी उन्हें उक्त बचत पत्र नहीं मिल सके। इसके लिए उनके अभिभावक बार-बार विभागीय अधिकारियों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। इस समस्या को देखते हुए ही राज्य शासन ने योजना में उक्त संशोधन करने का निर्णय लिया है ताकि हितग्राहियों व उनके अभिभावकों को किसी तरह की दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
 बताया जाता है,कि योजना को लेकर  वित्त विभाग के सहयोग से  एक कोष गठित किया जाएगा । प्रत्येक स्वीकृत प्रकरण की राशि इस कोष में किश्तवार जमा की जाएगी जैसे कि वर्तमान में डाकघर को अदा की जाती है। ताकि भविष्य में योजना का लाभ मिलने में हितग्राही को किसी तरह की आर्थिक दिक्कत का सामना न करना पड़े। प्रकरण की अवधि पूर्ण होने पर हितग्राही को उक्त कोष से एक लाख रुपए व अंतरित राहत के रूप में कक्षा छह में प्रवेश पर एक मुश्त दो हजार,कक्षा 9 में प्रवेश पर चार हजार ,कक्षा 11 में प्रवेश पर वर्तमान में दी जाने वाली राहत राशि साढ़े सात हजार रुपए के स्थान पर छह हजार तथा इतनी ही राशि कक्षा 12वीं में प्रवेश पर एक मुश्त देय होगी।

वर्तमान में कक्षा 12वीं में प्रवेश पर राशि नहीं दी जाती है। इसके स्थान पर वर्तमान में कक्षा 11 वीं में प्रवेश पर एक मुश्त साढ़े सात हजार रुपए व कक्षा 11 एवं 12 में अध्ययन के दौरान दो सौ रुपए प्रतिमाह दिए जाने का प्रावधान है। वर्तमान योजना में हितग्राही को अंतरिम राहत के रूप में महज 15 हजार 900 रुपए हॉसिल होने का प्रावधान है,जबकि प्रस्तावित संशोधित योजना के तहत हितग्राही को 18 हजार रुपए अंतरित राहत एवं एक लाख रुपए अंतिम सहायता के रूप में हॉसिल होगें। संशोधित योजना की मंजूरी पर सरकार को प्रति हितग्राही 21 सौ रुपए अतिरिक्त अदा करने होगें। योजना के मानीटरिंग के लिए विभाग एक सर्वर तैयार करेगा। इसके संधारण के दो सीनियर व चार जूनियर कंसलटेंट नियुक्त करने पर भी विचार किया जा रहा है।


ads

Entri Populer