आगरा. सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक पर ‘सांप्रदायिक और भड़काऊ’ पोस्ट डालने पर आगरा के एक शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसने पीएम मनमोहन सिंह, कैबिनेट मंत्री कपिल सिब्बल और सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव के आपत्तिजनक कार्टून और पोस्ट डाले थे।
जानकारी के मुताबिक, आगरा के दयालबाग के रहने वाले संजय चौधरी को सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक पर राजनीतिक हस्तियों से संबंधित पोस्ट डालने पर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनका लैपटॉप, सिम कार्ड और डाटा कार्ड भी जब्त कर लिया गया है।
आगरा के पुलिस अधिक्षक सुभाष चंद्र दुबे के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि इस शख्स ने सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक पर पीएम के बारे में आपत्तिजनक पोस्ट किया है। जांच में सही पाए जाने पर उसको गिरफ्तार किया गया है। कानून-व्यवस्था के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
संजय चौधरी एक सिविल इंजीनियर हैं। वह आगरा के एक पब्लिक स्कूल के चेयरमैन भी हैं। उन्हें आईपीसी की धारा 153 ए और आईटी एक्ट की धारा 66 ए के तहत गिरफ्तार किया गया है। उनकी गिरफ्तारी के साथ ही उनके फेसबुक पेज से आपत्तिजनक पोस्ट हटा दी गई। पुलिस ने उनका अकाउंट भी डिएक्टिवेट कर दिया गया।

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें