sponsor

मंगलवार, 5 फ़रवरी 2013

दिल्‍ली में बारिश: 71 साल का रिकॉर्ड टूटi


नई दिल्ली. मौसम की मार से सिर्फ आम लोग नहीं बल्कि खास लोग भी मुसीबत में हैं। देश की दो सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टियों के नेता राजनाथ सिंह और राहुल गांधी पर आज मौसम की मार पड़ी है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह को मंगलवार को लखनऊ पहुंचना था, लेकिन खराब मौसम की वजह से उनका कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। उन्हें बुधवार को लखनऊ से इलाहाबाद कुंभ में शामिल होने के लिए जाना था। अब राजनाथ सिंह दिल्ली से सीधे इलाहाबाद जाएंगे। वहीं, दूसरी तरफ कांग्रेस का उपाध्यक्ष बनने के बाद पहली बार राहुल गांधी को अमेठी दौरे पर आना था। लेकिन खराब मौसम के चलते उनकी भी यात्रा कैंसिल कर दी गई है।   
 
दूसरी तरफ, राजधानी दिल्‍ली सहित पूरे उत्‍तर भारत में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मैदानी इलाकों में बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी से एक बार फिर पूरे उत्‍तर भारत में सर्दी लौट आई है। दिल्ली से सटे हरियाणा के फरीदाबाद जिले में मंगलवार की सुबह बारिश के साथ ओले भी पड़े हैं।  मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे रुक-रुक बारिश जारी रहने का अनुमान है। दिल्‍ली में बारिश का 71 साल का रिकॉर्ड  टूट गया है।  फरवरी में 1942 के बाद पहली बार इतनी बारिश हुई है। पिछले 24 घंटे में दिल्‍ली में 50 एमएम बारिश दर्ज की गई है।
 
 
मौसम विभाग का कहना है कि 6 व 7 फरवरी को एक बार फिर दिल्‍ली में सर्दी बढ़ेगी और न्यूनतम तापमान गिरकर 4 और 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 
 
दिल्‍ली में सोमवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। समय के साथ-साथ बादलों को जमावड़ा बढऩे लगा और फिर बारिश शुरू हो गई। शाम साढ़े सात बजे तक दिल्ली में 1.6 एमएम बारिश रिकॉर्ड किया गया। मंगलवार तड़के से ही एक बार फिर बारिश शुरू हो गई। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल दिल्ली के ऊपर बादलों का डेरा बना हुआ है। जैसे ही यह डेरा हटेगा दिल्ली में पहाड़ों से चल रही ठंडी हवा प्रवेश करेगी और एक बार फिर राजधानी का तापमान गिरेगा और लोग सर्दी का एहसास करेंगे। 
 
मौसम वैज्ञानिकों ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में हो रही बर्फबारी का ही असर दिल्ली पर हुआ है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से मौसम में परिवर्तन आया है। सोमवार को अधिकतम तापमान 19.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 3 डिग्री कम है। जबकि न्यूनतम तापमान 11.7 सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 3 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान अधिक दर्ज होने की वजह से फिलहाल लोग सर्दी से राहत महसूस कर रहे हैं। मंगलवार को अधिकतम तापमान 19 और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है। रविवार को अधिकतम तापमान 24.2 और न्यूनतम 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
हिमाचल में ताजा बर्फबारी, श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग बंद
हिमाचल की चोटियों पर सोमवार को 3.5 फीट तक हिमपात हुआ। हिमाचल में भारी हिमपात के कारण जनजातीय इलाके एक बार फिर फिर बाहरी दुनिया से कट गए हैं। रोहतांग, कांगड़ा, किन्नौर, लाहौल-स्पीति की चोटियों पर सोमवार शाम तक करीब चार फीट से ज्यादा बर्फ गिरी। जम्मू एवं कश्मीर में बर्फबारी के कारण श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग बंद कर दिया गया।
बर्फबारी, बारिश से पंजाब में लौटी ठंड 
 
रविवार रात से सोमवार सुबह तक पंजाब के कई इलाकों में जोरदार बारिश हुई। जालंधर में 15.8 एमएम बारिश ने फरवरी माह का 20 साल का रिकॉर्ड है। लुधियाना में 21 एमएम बारिश दर्ज की गई और दिनभर सर्द हवाएं चलती रहीं। बठिंडा में 13.4 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। 
 
फिलहाल राहत नहीं 
मौसम केंद्र चंडीगढ़ के निदेशक डॉ. सुरिंदर पाल का कहना है कि छह फरवरी तक मौसम खराब रहेगा। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ पूर्व की ओर मूव करेगा और मौसम साफ हो जाएगा। 
मध्य प्रदेश में भी मौसम ने ली करवट 
सिर्फ उत्तर भारत ही नहीं बल्कि मध्य भारत में भी मौसम ने करवट बदली है। भोपाल में सोमवार रात 9.30 बजे तेज हवाएं चलने लगीं और बूंदाबांदी होने लगी। इसके बाद बिजली गुल हो गई और कई फोन भी खराब रहे। खराब मौसम की वजह से कई जगह पर ट्रैफिक भी जाम रहा। 

ads

Ditulis Oleh : Janprachar.com Hari: 12:34 am Kategori:

Entri Populer