भोपाल। भोपाल से इंदौर जाने वाले रोड के फंदा टोल नाके पर किसानों ने जमकर हंगामा किया। मंदसौर में पुलिस फायरिंग में 6 किसानों की मौत के विरोध में वे यहां जमा हुए। इस दौरान उनके साथ कई कांग्रेस नेता भी शामिल रहे। बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी टोल नाके के सामने बैठकर सरकार के विरोध में नारे लगाने लगे।
इस दौरान बैरागढ़ पुलिस ने 24 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया। प्रदर्शन की वजह से भोपाल से इंदौर जाने वाली गाड़ियों का रूट भी डायवर्ट कर दिया गया। सुबह से ही पुलिस ने इलाके को घेर रखा था। डीआईजी, कलेक्टर और एसपी भी मौके पर मौजूद रहे। यहां किसान नेताओं ने पुलिस पर आरोप गया कि उन्हें प्रदर्शन स्थल तक जाने से रोका गया।
सागर-भोपाल मार्ग पर भी लगाया जाम
सागर-भोपाल मार्ग पर भापेल गांव में ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया, जिसके बाद दोनों ओर सैकड़ों वाहन खड़े हो गए। स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस ने आस-पास के इलाके के कई गांव सील कर दिए। मोतीनगर थाना टीआई अलोक सिंह परिहार, सिटी मजिस्ट्रेट अविनाश रावत और तहसीलदार मानवेन्द्र सिंह मौके पर पहुंचे और किसानों की बात सुनकर जाम हटवाया। ये सभी मंदसौर में किसानों पर चली गोली चलाए जाने की घटना का विरोध कर रहे थे। सुबह 10 बजे के बाद करीब दो घंटे तक यहां जाम लगा रहा, जिससे रास्ते से गुजरने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें