नई दिल्ली। बीसीसीआई ने आईपीएल के 11वें सीजन के कार्यक्रम का बुधवार को ऐलान कर दिया। 51 दिनों तक चलने वाले आईपीएल की शुरुआत 7 अप्रैल से होगी। सत्र का पहला मुकाबला मौजूदा चैंपियन मुंबई इंडियंस और दो बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा।


आईपीएल के मैच पुराने समय पर ही होंगे। पहला मैच सात अप्रैल को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होगा, जिसके साथ सुपरकिंग्स की आईपीएल में वापसी होगी, जिसे भ्रष्ट गतिविधियों में लिप्त होने के कारण दो साल के लिए निलंबित किया गया था। राजस्थान रॉयल्स की टीम भी दो साल के निलंबन के बाद टूर्नामेंट में वापसी कर रही है और अपने अभियान की शुरुआत नौ अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ हैदराबाद में करेगी।
एलिमिनेटर और क्वालीफायर-2 के स्थल की अभी पुष्टि नहीं की गई है, जबकि क्वालीफायर-1 और फाइनल क्रमशः 22 और 27 मई को वानखेड़े स्टेडियम में होंगे। आईपीएल वेबसाइट पर जारी कार्यक्रम के अनुसार 48 मैच रात को खेले जाएंगे, जबकि 12 मैच दोपहर बाद होंगे। उद्घाटन समारोह छह अप्रैल को मुंबई में होगा। आईपीएल संचालन परिषद ने पिछले महीने मैचों के समय में बदलाव का प्रसारणकर्ता स्टार स्पोर्ट्स का आग्रह स्वीकार कर लिया था।

प्रसारणकर्ता ने सिफारिश की थी कि दोपहर बाद चार बजे होने वाला मैच शाम साढ़े पांच बजे से, जबकि रात आठ बजे होने वाले मैच सात बजे से खेले जाएं। हालांकि, आईपीएल राजस्व मॉडल में 50 प्रतिशत की हितधारक फ्रेंचाइजियों के एक वर्ग ने समय बदलने की शिकायत की, क्योंकि ऐसा उनकी सलाह के बिना किया गया था।
बीसीसीआई ने मैच के समय को लेकर यथास्थिति बरकार रखी है, लेकिन कुछ फ्रेंचाइजी प्रसारणकर्ता के साथ अब भी समय में बदलाव करने की कोशिश कर रही हैं। टूर्नामेंट के 11वें साल में पहला दोहरा मुकाबला आठ अप्रैल को होगा, जिसमें दिल्ली डेयरडेविल्स को किंग्स इलेवन पंजाब, जबकि कोलकाता नाइटराइडर्स को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की मेजबानी करनी है


0 comments:
एक टिप्पणी भेजें