sponsor

शुक्रवार, 18 जनवरी 2013

नक्सली फायरिंग से वायुसेना का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त


नई दिल्ली/ नक्सलियों ने छत्तीसगढ़ में भारतीय वायुसेना के एक हेलीकॉप्टर को निशाना बनाया, जिसके बाद उसे आपात स्थिति में उतारना पड़ा। नक्सल प्रभावित इलाकों में राहत व बचाव मिशन पर लगे इस एमआइ-17 हेलीकॉप्टर पर फायरिंग के दौरान केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल का एक जवान भी घायल हो गया। हेलीकॉप्टर को तिमलवाड़ा और चिंतलगुफा इलाके के खेतों में उतारा गया।
वायुसेना मुख्यालय के मुताबिक, दो सीआरपीएफ जवानों के लिए बचाव मिशन पर जगदलपुर से उड़े इस हेलीकॉप्टर पर लैंडिंग के दौरान नक्सलियों ने फायरिंग की। वायुसेना प्रवक्ता के मुताबिक, पायलट ने बचाने की कोशिश में हेलीकॉप्टर को दूसरी ओर मोड़ा तो एक बार फिर इस पर फायरिंग की गई। फायरिंग के दौरान एक सीआरपीएफ जवान घायल हुआ है, वहीं हेलीकॉप्टर का हाइड्रॉलिक सिस्टम भी क्षतिग्रस्त हो गया।
वायुसेना अधिकारियों के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद पायलट ने हेलीकॉप्टर को तिमलवाड़ा और चिंतलगुफा इलाके के खेतों में उतार लिया है। साथ ही सीआरपीएफ ने हेलीकॉप्टर को सुरक्षा घेरे में ले लिया है। हालांकि वायुसेना अधिकारी फिलहाल इस बारे में कुछ भी नहीं कह रहे हैं कि हेलीकॉप्टर पर सुरक्षा के लिए कोई सशस्त्र गार्ड तैनात था या नहीं। अथवा बचाव में कोई फायरिंग की गई या नहीं।
महत्वपूर्ण है कि नक्सल अभियान के दौरान वायुसेना हेलीकॉप्टरों को बचाव में फायरिंग की इजाजत दो साल पहले ही दी जा चुकी है। वहीं केंद्रीय सुरक्षा बलों की मदद के लिए तैनात इन हेलीकॉप्टरों पर विशेष आ‌र्म्ड प्लेट भी लगाने का फैसला हो चुका है। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाकों में 2009 में भी चुनाव ड्यूटी पर लगे वायुसेना के हेलीकॉप्टर पर फायरिंग की घटना हुई थी।

ads

Ditulis Oleh : Janprachar.com Hari: 9:21 am Kategori:

Entri Populer